रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन के उरई रोड स्थित वीर बालाजी हनुमान मंदिर पर अराजक तत्वों के जमावड़े से पुजारी और श्रद्धालु परेशान हैं। मंदिर के पुजारी कमलेश महाराज ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से नगर के मंदिरों के आसपास एकत्रित होने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और पिकेट ड्यूटी तैनात किए जाने की मांग की है।
पुजारी कमलेश महाराज ने बताया कि सावन माह शुरू हो गया है। शाम करीब चार बजे से ही नगर के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं का मंदिर में पहुंचना शुरू हो जाता है। इन दिनों भगवान शिव का अभिषेक भी चल रहा है, जबकि मंगलवार और शनिवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के आसपास अराजक तत्वों का जमावड़ा श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। आरोप लगाया कि अराजक तत्व मंदिरों के आसपास घूमते रहते हैं। कई बार शराब पीकर आपस में ही गाली, गलौज और झगड़ा करते हैं। इससे मंदिर आने वाले श्रृद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुजारी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शाम चार बजे से नगर के प्रमुख मंदिरों पर पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जाए और मंदिर के आसपास इकट्ठा होने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।




