रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा के संयुक्त तत्वावधान में पल्स पोलियो अभियान, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरे और लोगों को पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने का संदेश दिया। साथ ही संचारी रोगों से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने, घरों के आसपास जलभराव न होने देने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई। विद्यालय की शिक्षिका रीनू पाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलानी चाहिए। उन्होंने स्कूल चलो अभियान को लेकर कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। जिन बच्चों का अभी तक विद्यालय में प्रवेश नहीं हुआ है, उनके अभिभावक शीघ्र उनका नामांकन कराएं ताकि सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। एआरपी बलवान सिंह पाल एवं शिव कुमार राठौर ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बारे में कहा कि स्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित सफाई रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जलभराव न होने देने की अपील की।







