रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में औरैया-चुर्खी बाईपास स्थित एक गेस्ट हाउस में भारत विकास परिषद छत्रसाल (प्रमुख) शाखा का अधिष्ठापन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। साथ ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने कहा कि भारत विकास परिषद केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना से समाज को जोड़ने वाला मंच है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में परिषद द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव अजय इटौरिया ने कहा कि भारत विकास परिषद भारतीय संस्कृति और राष्ट्र भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है। परिषद के सदस्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं, जो अनुकरणीय है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। प्रांतीय अध्यक्ष लखन लाल चंदैया ने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज में शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब सभी सदस्य मिलकर समाज के लिए कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष यूपी बोर्ड और सीबीएसई की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में नगर में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले तीन-तीन छात्र-छात्राओं को शील्ड, प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। एनएसटी स्कूल की छात्रा अदिति शुक्ला ने स्वरचित देशभक्ति कविता का प्रभावशाली पाठ किया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष लखनलाल चंदैया और जिला शाखा समन्वयक भूपेंद्र कंथरिया, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश शर्मा, डॉ. ब्रजेंद्र दुबे, निशा माहेश्वरी, राजीव माहेश्वरी आदि रहे। अंत में अजय इटौरिया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष सुशील बाजपेयी, सचिव दीपक श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, महिला संयोजिका डॉ. रंजना दुबे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।





