रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन के मोहल्ला नारोभास्कर में दूल्हे के घर का दरवाजा वेल्डिंग कर सील किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कर ली है। एक व्यक्ति के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई जबकि दूसरे व्यक्ति को पुलिस तलाश रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर निवासी मुहम्मद माजिद की बारात बुधवार शाम झांसी गई थी और गुरुवार सुबह जब वह अपनी पत्नी नजमा के साथ घर लौटे तो मुख्य दरवाजा वेल्डिंग से सील मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा कटवाकर खुलवाया था, जिसके बाद दुल्हन का गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान दूल्हा, दुल्हन को करीब तीन घंटे घर के बाहर खड़ा रहना पड़ा था। इस प्रकरण में माजिद की तहरीर पर पुलिस ने मुहम्मद अजहर और अनस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। माजिद ने आरोप लगाया कि पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपियों ने उसकी गैरमौजूदगी में घर का दरवाजा वेल्डिंग करवा कर सील कर दिया और उलाहना देने पर मारपीट भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अनस के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। जबकि दूसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
महिला ने लगाया युवक पर ये आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
जालौन। घर के बाहर बैठी महिला को देखकर गांव का युवक उसके सामने अश्लील गाना गाने लगा और महिला को गुटखा खाने को कहने लगा। महिला के विरोध करने पर उसे धमकाया। पीड़िता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा खुर्द निवासी सरला देवी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम वह अपने घर के सामने बैठी थी। तभी गांव का ही युवक प्रदीप कुमार वहां आ गया ।महिला का आरोप है युवक उसे देखकर अश्लील गाना गाने लगा और उसे गुटका देने लगा। जब उसने इनकार किया तो गाली, गलौज कर उसे धमकाने लगा। जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आता देख वह जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






