रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जुए और शराब की लत को पूरा करने के लिए चोरी का सहारा लेने वाले दो शातिर चोरों को सिरसा कलार पुलिस ने पकड़ा है। चोरों के पास से पुलिस ने चोरी में प्रयोग किए जाने वाले उपकरण और चोरी का स्टार्टर व बाइक बरामद की है। गिरफ्तार चोरों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सिरसा कलार थानाध्यक्ष वरूण प्रताप सिंह अपनी टीम में न्यामतपुर चौकी प्रभारी शिवमंगल सिंह, एसआई सुभाषचंद्र व कांस्टेबल त्रिलोकीनाथ के साथ बाबई रोड पर सोमवार की सुबह चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि ग्राम दमरास की ओर जाने वाली सड़क के पास झाड़ियों में छिपकर दो संदिग्ध युवक बैठे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी आशीष कुमार व कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़री निवासी गौरव कुमार उर्फ बेटू को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास प्लास्टिक के झोले में रखे पेंचकस, लोहे की आरी वाला ब्लेड, छह एलएन चाबी, एक तार कटर, एक प्लास, एक सब्बल व चाकू बरामद किया। जब पुलिस ने उनसे पूछतांछ की तो उन्हेांने बताया कि वह जुए व शराब के लती हैं। अपने शौक पूरे करने के लिए वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पूर्व में उन्होंने जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम माड़री में खेतों से एक नलकूप का स्टार्टर चोरी किया था। इसके अलावा उरई में मेडिकल कॉलेज के बाहर से एक बाइक भी चोरी की थी। चोरी के दौरान बचाव या हमला करने के लिए चाकू भी साथ रखते हैं। आज भी वह चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर नलकूप का स्टार्टर व बाइक भी बरामद कर ली है। दोनों चोरों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मौके पर कोतवाल हरिशंकर चंद, सिरसा कलार थाना प्रभारी वरूण प्रताप सिंह, एसएसआई संजय यति आदि रहे।





