जालौन में ताजिया निर्माण में शुरू हुई प्रतिस्पर्धा,,अधिक ऊंचे ताजिये निर्माण का आरोप,,यह उठी मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में आगामी 26 जून 2026 को मोहर्रम पर्व के अवसर पर जनपद जालौन में ताजिया जुलूस निकाले जाने हैं। वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में ताजियों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, किंतु कुछ स्थानों पर आपसी प्रतिस्पर्धा, प्रतिष्ठा प्रदर्शन एवं शर्तबाजी के चलते निर्धारित आवश्यकताओं से कहीं अधिक ऊँचे एवं विशाल ताजियों का निर्माण किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

सामाजिक चिंतकों एवं नागरिकों का कहना है कि अत्यधिक ऊँचाई वाले ताजियों के कारण नगर की विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों, बिजली के खंभों तथा अन्य सार्वजनिक संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। ऐसे ताजियों को मार्ग से निकालने के लिए कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित करनी पड़ती है, जिससे आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं, यातायात अवरोध एवं कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों की संभावना भी बढ़ जाती है।

जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी जालौन से मांग की गई है कि जनपद के सभी ताजियों के लिए लंबाई, चौड़ाई एवं ऊँचाई का एक समान प्रशासनिक मानक निर्धारित किया जाए। साथ ही सभी ताजियेदारों एवं संबंधित समितियों को उक्त मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश जारी किए जाएं।

मांगकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएं तो विद्युत व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी, प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा तथा आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा। इससे मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा।

इस संबंध में विनय कुमार निगम, आशीष सोनी, श्रेयस, जसवंत, दीपक, पवन सहित अन्य नागरिकों ने जिलाधिकारी से जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। नागरिकों ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा, सुचारु विद्युत व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को समय रहते प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए, ताकि मोहर्रम का पर्व सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।