जालौन में कई दिन इंतजार के बाद उपभोक्ताओं को मिल रहा सिलेंडर,, बताई जा रही यह बड़ी वजह

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में गैस बुकिंग के लिए ओटीपी समय से प्राप्त न होने के चलते गैस उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। कई दिन उन्हें सिलिंडर के लिए इंतजार करना पड़ता है।
नगर की जालौन इंडेन गैस सर्विस और ग्रामीण क्षेत्र की चौहान इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ता बुकिंग के बाद समय से ओटीपी प्राप्त न होने के चलते परेशान होते नजर आ रहे हैं। उपभोक्ता अशफाक राईन, जावेद, विनय, आशीष आदि ने बताया कि गैस लेने के लिए ओटीपी आवश्यक है। कंपनी के दिए गए नंबर पर कॉल करने के बाद मैसेज तो प्राप्त होता है लेकिन ओटीपी प्राप्त नहीं होती है। एजेंसी पहुंचने पर जानकारी दी जाती है कि जब तक ओटीपी नहीं होगी तब तक गैस नहीं मिलेगी। ऐसे में ओटीपी के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान सिंलिंडर न होने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर के लोगों ने कंपनी के उच्चाधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि 25 दिन के बाद जब बुकिंग की जाती है, तो सर्वर में ऐसी व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को तुरंत ओटीपी प्राप्त हो सके और उन्हें गैस के लिए परेशान न होना पड़े।