(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today ।जालौन नगर के मोहल्ला कटरा में सागरकुआं पर नलकूप का निर्माण कराने की मांग नगर के लोगों ने एसडीएम से की है।
नगर के रमेशचंद्र गुप्ता, सतीशचंद्र कुशवाहा आदि ने एसडीएम को मांग पत्र देकर बताया कि नगर के मोहल्ला कटरा में एक सागर कुआं स्थित है। समय के साथ कुआं ध्वस्त हो गया है और उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे विवाद होता है। बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि नगर में पेयजलापूर्ति के सुधार के लिए नलकूपों का निर्माण किया जाना है। ऐसे में मोहल्ला कटरा स्थित यह सागर कुआं उचित स्थान है। जहां नलकूप की स्थापना की जा सकती है। पूर्व में भी प्रशासन द्वारा इस स्थान पर जलस्रोत को पुनः स्थापित करने की संस्तुति की गई थी। इससे अतिक्रमण भी समाप्त हो जाएगा और विवाद की स्थिति भी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने एसडीएम से सागर कुआं के स्थान पर नलकूप स्थापित कराने की मांग की है।






