रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । उरई से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू किए जाने की मांग को लेकर नगर निवासी ने रेल मंत्री को पत्र भेजा है।
मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर लिखा कि वर्तमान समय में उरई से दिल्ली के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दिल्ली जाने के लिए उन्हें बीच रास्ते में ट्रेन बदलनी पड़ती है या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों अधिक खर्च होते हैं। जालौन नगर कृषि और व्यापार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां की हरी मटर और बासमती चावल की पहचान देश के विभिन्न राज्यों तक है। यदि उरई से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू हो जाती है तो व्यापारियों को राजधानी की प्रमुख मंडियों तक आसानी से पहुंचने का अवसर मिलेगा। इससे परिवहन व्यय कम होगा और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। यही नहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के तमाम मरीज गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दिल्ली के बड़े अस्पतालों में जाते हैं। सीधी रेल सेवा मिलने से मरीजों, बुजुर्गों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी उनका समय और खर्च दोनों की बचत होगी। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं, उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और रोजगार के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने रेल मंत्री से जनहित को देखते हुए उरई से दिल्ली के बीच नई सीधी रेलगाड़ी संचालित करने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह रेल सेवा वाया कानपुर अथवा वाया झांसी संचालित की जा सकती है।






