रिपोर्ट बबलू सेंगर

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़
Jalaun news today । जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में आयोजित नवकुंडीय श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन यज्ञ क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की यज्ञ स्थल पर आवाजाही शुरू हो गई और विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
तीसरे दिन भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ यज्ञ स्थल की परिक्रमा की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कुंडों में आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ संचालक रामकुमार दास व यज्ञाचार्य विकास शुक्ला ने यज्ञ की सभी क्रियाएं शास्त्रोक्त विधि से संपन्न कराईं। उन्होंने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यज्ञ के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। यज्ञ के दौरान अग्नि देवता को समर्पित आहुतियों के साथ शांति पाठ और मंगल कामनाएं की गईं। भक्तों ने अपने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। यज्ञ स्थल पर भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। वहीं, कथा व्यास राम श्यामजी महाराज ने बताया कि सत्संग के प्रभाव से जीवन की दिशा और दशा दोनों ही बदल सकते हैं। श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने से पापो का नाश तो होता ही है साथ मे पाप करने की प्रवृत्ति भी समाप्त हो जाती है। इस मौके पर पारीक्षित राममूर्ति देवी, रिटायर्ड मेजर शिवराम कुशवाहा, प्रधान गिरीश याज्ञिक, प्रदीप शुक्ल, गोलू साहू, गौरव, आदर्श शुक्ल आदि रहे।







