आरटीओ ने दिया दलाल रहित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने पर जोर
ब्यूरो रिपोर्ट
Orai / Jalaun news today । कार्यालय परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में आज राकेन्द्र सिंह सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कानपुर द्वारा उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, उरई का औचक निरीक्षण किया गया है। मुख्यालय द्वारा जारी क्राॅस-इंस्पेक्शन रोस्टर के अनुसार इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय निष्पक्षता, सुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा दलाल रहित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है।
निरीक्षण के दौरान सौम्या पाण्डेय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), आनन्द राय कुरील यात्रीकर/मालकर अधिकारी व समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। राकेन्द्र सिंह सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कानपुर द्वारा कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशलता की जाँच की गयी तथा 05 और सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने के निर्देश दिए गए तथा कैमरों की संग्रह क्षमता (स्टोरेज) कम से कम 15 दिन रखे जाने हेतु कहा गया। कार्यालय में विभिन्न कार्यों हेतु आये वाहन स्वामियों/आवेदकों से बातचीत की गयी तथा उनके आवेदनों का निरीक्षण किया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि आवेदक स्वयं अपने कार्य हेतु कार्यालय आये है। जाँच के दौरान प्रथम दृष्टया कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं पाया गया जो किसी दूसरे व्यक्ति का कार्य कराने आया हो। इसके उपरान्त कार्यालय के पटलों का निरीक्षण किया गया तथा यथा आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्यरत सरकारी एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी विभाग/सेवा प्रदाता संस्था द्वारा निर्गत वैध पहचान-पत्र धारण किये हुए थे। राकेन्द्र सिंह सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कानपुर द्वारा निर्देश दिए गए कि भविष्य में भी समस्त पटल सहायक व आउटसोर्स कर्मचारी वैध पहचान-पत्र धारण करके ही पटल पर उपस्थित रहेंगे।





