(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । गोशाला में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। पशुओं के चारे के लिए नेपियार घास उगाई जाए। यह निर्देश डीएम ने कान्हा गोशाला के निरीक्षण के दौरान दिए।
डीएम राजेश पांडेय ने रविवार को नगर में प्रतापपुरा रोड स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था व चारे, पानी की व्यवस्था ठीक ठाक मिली। जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

वहीं पशु चिकित्सक के प्रतिदिन गोशाला में न पहुंचने पर उन्होंने पशु चिकित्सक को प्रतिदिन गोशाला में पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य देखते रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने गोशाला में विभिन्न एंगल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाने के निर्देश ईओ सीमा तोमर को दिए।

इसके अलावा उन्होंने कम्पोस्ट खाद को लेकर भी जानकारी ली और कहा कि गोशाला में कंपोस्ट खाद को तैयार कर उसकी बिक्री की जाए। आजकल लोग वैसे भी जैविक खाद की ओर आकर्षित होने लगे हैं। ऐसे में कंपोस्ट खाद की बिक्री कर गोशाला की आमदनी भी बढ़ाई जा सकती है। पशुओं को भूसा ही नहीं हरे चारे की भी आवश्यकता होती है। गोशाला में खाली जगह का उपयोग नेपियार घास लगाने में किया जाए। ताकि पशुओं को हरा चारा मिल सके। उन्होंने उक्त कार्यो को अतिशीघ्र पूरा कर उन्हें आख्या उपलब्ध कराने की भी बात कही। इस मौके पर एसडीएम सुरेश कुमार, ईओ सीमा तोमर समेत गोशाला के कर्मचारी मौजूद रहे।






