रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में मंगलवार की रात हल्की सी तेज हवा चलने पर नगर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। तेज हवा के चलते रात में पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को करीब पांच घंटे तक भीषण गर्मी में बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। रात साढ़े दस बजे गुल हुई बिजली सुबह करीब साढ़े तीन बजे बहाल हो सकी। इस दौरान लोगों को उमस और गर्मी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे अचानक तेज हवा चलनी शुरू हुई। हवा चलने के कुछ ही देर बाद पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होते ही घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे गर्मी से राहत मिलना मुश्किल हो गया। रात के समय बिजली न रहने से छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ देर तक तो अपने घरों की छतों और बाहर गलियों में टहलकर बिजली का इंतजार करते नजर आए। लेकिन देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित हुई और पूरी रात बेचौनी में गुजरी। कई स्थानों पर लोगों ने बिजली विभाग को फोन कर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। नगर के प्रतीक, अशफाक आदि का का कहना है कि जरा सी तेज हवा या हल्की बारिश होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। बिजली विभाग ऐसी स्थिति के लिए पहले से ही व्यवस्था क्यों नहीं करता है। सुबह लगभग साढ़े तीन बजे बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन रातभर हुई परेशानी को लेकर उनमें नाराजगी भी देखने को मिली। इस बाबत जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि गर्मी अधिक होने की वजह से केबिल में आग लग गई थी। मरम्मत के कार्य के चलते आपूर्ति प्रभावित हुई है।






