रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन व्यक्तियों ने आवेदन किया था। लगभग पांच माह पूर्व लगभग 1900 पात्र व्यक्तियों के आवेदन स्वीकृत होने के बाद भी अब तक उनके खाते में अब तक धनराशि नहीं आई हैं। वहीं पहली किस्त आने के बाद लगभग 1300 व्यक्तियों के खाते में दूसरी किस्त नहीं आई है। जिसके चलते उनके आवास अधूरे पड़े हैं। लाभार्थियों ने आवास बनाने के लिए धनराशि शीघ्र खातों में भिजवाने की मांग अधिकारियों से की है।
नगर क्षेत्र निवासी रविंद्र कुमार, सुरेश, अहमद, रजनी, लाडो, संतोषी आदि ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन किया था। उनके सर्वे आदि होकर रिपोर्ट लग चुकी और लाभर्थियों की सूची में उनके नाम भी आ चुके हैं। लेकिन अब तक उनके खाते में पहली किस्त ही नहीं आई है। जिसके चलते वह आवास नहीं बनवा पा रहे हैं। वहीं, इंदल, सुरेंद्र, रमेश, आरती, किरन, जयदेवी आदि ने बताया कि लगभग चार से पांच माह पूर्व पहली किस्त उन्हें मिल चुकी है। पहली किस्त की जो धनराशि मिली थी उसे मकान में लगाया जा चुका है। इसके बाद से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। दूसरी किस्त का इंतजार कर रहे हैं कि कब दूसरी किस्त मिलेगी और उनका निर्माण कार्य पूरा होगा। अधूरे निर्माण के चलते परेशानी हो रही है। यदि पूरा निर्माण हो जाता है तो रहने में दिक्कत नहीं होगी। इसको लेकर सदर लेखपाल वैभव त्रिपाठी ने बताया कि यहां से लिस्ट जा चुकी है। अभी लगभग 1900 लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्हें पहली किस्त नहीं मिली है। वहीं, लगभग 1300 लाभार्थियों को पहली किस्त मिल चुकी है, उन्हें लगभग चार माह से दूसरी किस्त नहीं मिली है।





