
ब्यूरो रिपोर्ट
Jalaun / Konch news today । जालौन जनपद के कोंच नगर में मंगलवार सुबह पीसीएफ क्रय केंद्र पर कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। केंद्र परिसर में पानी भरा होने के कारण खाद लेने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान मजबूरी में पानी के बीच से होकर केंद्र तक पहुंच रहे हैं और खाद लेने के बाद वापस लौट रहे हैं।
किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पीसीएफ क्रय केंद्र परिसर में पानी भरा हुआ है। बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और बढ़ गई है। खाद लेने के लिए आने वाले किसानों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे किसानों के कपड़े और जूते-चप्पल खराब हो रहे हैं। मंगलवार की सुबह केंद्र पर पहुंचे कई किसान अपने हाथों में जूते-चप्पल लेकर पानी के बीच से होकर खाद लेने जाते दिखाई दिए। कुछ किसान अपनी बाइक और अन्य वाहनों की डिग्गी में जूते-चप्पल रखकर केंद्र पहुंचे और परिसर में पानी के बीच से गुजरकर खाद लेने गए। किसानों का कहना है कि खाद की जरूरत के चलते उन्हें इस परेशानी के बावजूद केंद्र तक आना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि केंद्र परिसर में कई दिनों से पानी जमा है, लेकिन अभी तक जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। लगातार पानी में आने-जाने से फिसलने और दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र परिसर से जलभराव हटवाने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं पीसीएफ प्रभारी कमलेश ने बताया कि क्षेत्र में अधिक बारिश होने के कारण केंद्र परिसर में जलभराव की स्थिति बनी है। बारिश कम होने और पानी निकलने के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।




