तालाब में लगी आग,,उगी घास फूस में लगने से हड़कंप, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

रिपोर्ट बबलू सेंगर

जल्द पढ़िये : आपकी अपनी मासिक पत्रिका

Jalaun news today । जालौन नगर के मोहल्ला घुआताल स्थित तालाब में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। तालाब में उगी सूखी घास-फूस में आग लगने से देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में मोहल्ला घुआताल स्थित तालाब में खड़ी घास फूस में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगी और आग ने विकराल रूप ले लिया। आग को बढ़ता हुआ देखकर आसपास घरों में रहने वाले लोग परेशान हो गए। तालाब में दलदल होने से कोई अंदर जाकर पानी भी नहीं डाल सका। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तालाब के चारों ओर दलदल और उचित रास्ता न होने से टीम को आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। मोहल्लेवासियों ने दलदली हिस्सों में तख्ते बिछाकर दमकल कर्मियों के लिए रास्ता तैयार किया, जिससे आग तक पहुंचना संभव हो सका। आग इतनी भीषण थी कि कई स्थानों पर दमकल कर्मियों को लेटकर आग बुझानी पड़ी। इसी दौरान बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने पावर हाउस से संपर्क कर बिजली व्यवस्था बहाल कराई। इसके बाद सबमर्सिबल पंप और दमकल गाड़ी ने मिलकर आग पर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया।