
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा में बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहीं छह निराश्रित बच्चियों की मदद के लिए लेखपाल संगठन आगे आया है। संगठन की ओर से बच्चियों के लिए करीब 11 हजार रुपये का राशन उपलब्ध कराया गया है। साथ ही उनके रहने, शिक्षा और बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में भी पहल शुरू की गई है।
बताया गया कि बच्चियों के घर की स्थिति बेहद खराब है। घर के समतलीकरण के लिए बच्चियों के चाचा और ग्राम प्रधान से बातचीत की गई है। समतलीकरण का काम पूरा होने के बाद बच्चियों के लिए एक कमरा और हॉल बनवाने की योजना है। इसके साथ ही शौचालय की व्यवस्था भी कराने को प्राथमिकता दी जा रही है।
बच्चियों के नाम पर उपलब्ध 50,700 रुपये में से 700 रुपये उन्हें दे दिए गए हैं। शेष 50 हजार रुपये बड़ी बच्ची की इच्छा के अनुसार उसका बैंक खाता खुलवाकर उसमें जमा कराने की योजना है। तब तक यह धनराशि उसकी अमानत के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी। बड़ी बच्ची को बैंक खाता स्वयं संचालित करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वह भविष्य में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
बच्चियों के पास बुनियादी गृहस्थी का सामान, बर्तन और गैस चूल्हा तक उपलब्ध नहीं था। ऐसे में आवश्यक घरेलू सामान की व्यवस्था की गई है, जिसे जल्द ही बच्चियों तक पहुंचाया जाएगा। तहसील अध्यक्ष की ओर से गैस सिलेंडर भी भिजवाया जा रहा है।

बताया गया कि छह बच्चियों की उम्र करीब तीन से 13 वर्ष के बीच है। इनमें दो बच्चियां जूनियर स्तर की कक्षाओं में पढ़ रही हैं। ऐसे में बच्चियों के लिए सुरक्षित आवास के साथ उनकी पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य बताया गया है।
इस पहल में सुधा अग्रवाल, पूजा राजपूत (क्षेत्रीय लेखपाल), मयंक यादव, वैभव त्रिपाठी, ऋषभ पटेल, विक्रांत, आकाश तिवारी, गोलू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105




