रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के कुठौंदा बुजुर्ग गांव में खेतों में जंगली जानवर दिखाई देने की सूचना के बाद बुधवार को वन विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी सर्च अभियान चलाया। मौके पर मिले पदचिह्नों की जांच के बाद वन विभाग ने तेंदुआ होने की आशंका से इंकार किया है। अधिकारियों के अनुसार पदचिह्न लकड़बग्घे के होने की संभावना है।
मंगलवार को कुठौंदा बुुजुर्ग गांव के पास खेतों में जंगली जानवर दिखाई देने के बाद किसानों में दहशत फैल गई थी। किसानों ने जानवर को तेंदुआ बताते हुए इसकी सूचना यूपी 112 और वन विभाग को दी थी। सूचना पर डिप्टी रेंजर मुबारक अली टीम के साथ गांव पहुंचे थे और खेतों के आसपास तलाश की थी, लेकिन उस समय भी जानवर का पता नहीं चल सका था। इसी के बाद बुधवार को वन विभाग ने दोबारा सर्च अभियान चलाया। क्षेत्रीय वन अधिकारी कमल किशोर के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आसपास के खेतों और फसलों में जंगली जानवर की तलाश की। करीब तीन घंटे तक खेतों में गहनता से छानबीन किए जाने के बावजूद टीम को कोई जंगली जानवर नहीं मिला। सर्च अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके पर मिले पदचिह्नों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि पदचिह्नों के आधार पर तेंदुआ होने की कोई आशंका नहीं है। पदचिह्नों को देखने से यह किसी लकड़बग्घे के होने की संभावना लग रही है। उन्होंने किसानों से परेशान न होने की अपील करते हुए कहा कि वन विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।
इसी गांव में घर से निकल कोबरा,वन विभाग टीम ने किया रेस्क्यू
जालौन। मंगलवार की देर रात कुठौंदा बुजुर्ग गांव में एक घर में कोबरा सांप निकलने दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सांप को पकड़ लिया और उसे जंगल में छुड़वा दिया।
तहसील क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में ज्ञानचंद्र का परिवार रात में खाना खाकर रात करीब 11 बजे सोने की तैयारी कर रहा था। तभी उन्हें घर के आंगन में कोबरा सर्प दिखाई दिया। घर में कोबरा सांप को देखकर घरवाले दहशत में आ गए। घर में निकलने सांप को देखने के लिए आसपास के लोग भी पहुंच गए। तभी किसी ग्रामीण ने घर में सांप निकलने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर मुबारक अली और उनकी टीम ने रात करीब 12 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ समय बाद टीम ने घर के अंदर से सांप को पकड़ लिया। टीम सांप को पकड़कर अपने साथ ले गई और उसे जंगल में छुड़वा दिया। सांप को पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।





