बागवान समिति अध्यक्ष ने उठाई गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मुहम्मद अशफाक राईन ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा रही है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।
नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी मोहम्मद अशफाक राईन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे पत्र में लिखा कि भारत में प्राचीन काल से ही गाय को विशेष सम्मान दिया जाता रहा है। देश के करोड़ों लोगों की आस्था गाय से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि गाय केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। दुग्ध उत्पादन के माध्यम से लाखों परिवारों की आजीविका गाय पर निर्भर है। इसके अलावा जैविक खेती में गोबर आदि उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिल रहा है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो सकती है। देश में कई स्थानों पर गौवंश संरक्षण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में गौवंश बेसहारा घूमता नजर आता है। यदि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाता है तो गौ संरक्षण को मजबूती मिलेगी और लोगों में भी इसके प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने पर गंभीरता से विचार किया जाए।