रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के छानी खास में गांव के किनारे खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से तार सही कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम छानी खास निवासी श्याम कुमार ने बताया कि मुख्य सड़क से गांव में प्रवेश करते ही रामपाल मौर्य के खेत में पिछले दिनों आई आंधी में हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिर गए थे। हाईटेंशन लाइन के तार टूटने से ग्रामीणों को खेतों में जाने में डर सता रहा है। इस समय खेतों में मूंग की फसल की कटाई भी होनी है। तार टूटने से किसान कटाई नहीं कर पा रहे हैं। आरोप लगाया कि इस लाइन को जोड़ने के लिए वह कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन अब तक लाइन को नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि टूटी हुई हाईटेंशन लाइन को जल्द जोड़ा जाए ताकि किसान खेतों में अपने काम बिना किसी डर के निपटा सकें।





