रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन कोतवाली रोड पर कोतवाली से करीब 100 मीटर दूर मोबाइल सुधरवाने के लिए गई महिला के गले से दिन दहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन व उसमें पड़ा लॉकेट छीन लिया। सोने की चेन छीनकर दोनों बदमाश बाइक लेकर मौके से भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार उनकी पहचान कर रही है।
पिछले एक सप्ताह में बदमाशों ने लगातार तीसरी घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया खंडेराव लौना रोड निवासी साधाना देवी अपने भतीजे अंकुश के साथ रविवार की दोपहर कोतवाली रोड पर कोतवाली से लगभग 100 मीटर दूर अपना मोबाइल सुधरवाने के लिए आई थी। मोबाइल दुकान पर डालकर वह भतीजे के साथ वापस घर पर जाने के लिए बाइक पर बैठ गई। इसी दौरान पीछे से बाइक लेकर दो युवक आए जिनमें बाइक चला रहा युवक हैलमेट लगाए था और पीछे बैठा युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए था। चलती हुई बाइक पर उन्होंने महिला के गले से चेन व उसमें पड़ा छीन लिया और वहां से भाग निकले। महिला के गले से चेन छीने जाने के बाद भतीजे ने कुछ दूरी तक बाइक सवारों का पीछा किया लेकिन वह वहां से फरार हो गए। जिसके बाद महिला ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनीष तिवारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें बाइक सवार युवक महिला की चेन खींचकर भागते हुए दिख रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन खींचने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इस सम्बंध में सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान का प्रयास कर रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के लिए चुनौती बने बदमाश, व्यापारी से हुई थी लूट
जालौन। नगर में बेखौफ बदमाश लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। 28 जुलाई की रात नगर के व्यापारी रमा जनरल स्टोर के संचालक दिलीप अग्रवाल रुपयों से भरा झोला लेकर घर जा रहे थे। घर के बाहर से तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाश स्कूटी पर रखा डेढ़ लाख रुपयों से भरा झोला लेकर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस अभी इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इसमें भी पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है और कुछ संदिग्धों से पूछतांछ कर रही है। लेकिन सफलता के नाम पर पुलिस के हाथ अभी खाली ही हैं। वहीं, दो दिन पूर्व 31 जुलाई को नगर निवासी एक युवती किसी काम के चलते तहसील रोड पर गई थी। युवती की बाइक की डिग्गी में 30000 रुपये रखे हुए थे। एक बदमाश ने युवती की स्कूटी की डिग्गी में रखे रुपये उड़ा दिए थे। अब दो अगस्त को दो बाइक सवार बदमाश दिन दहाड़े महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले हैं।





