एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन आंदोलन बनाएं, हर नागरिक एक पौधा अवश्य लगाए:नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

Lucknow news today ।वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ जनपद ने जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 65 लाख पौधरोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभियान में सहभागिता निभाई।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गंभीर वन (एसकेपी मैदान) सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुआ, जहां मंत्री ए.के. शर्मा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर तैयार चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा उन्हें पौधे भेंट कर प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
अपने संबोधन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है और आजमगढ़ ने 65 लाख पौधरोपण कर इस संकल्प को नई मजबूती प्रदान की है।

श्री शर्मा ने कहा कि जनपद में 65 लाख पौधरोपण का लक्ष्य आजमगढ़वासियों की सक्रिय भागीदारी से पूरा हुआ है। यह केवल एक सरकारी लक्ष्य नहीं, बल्कि जनसहभागिता से प्रकृति संरक्षण का ऐतिहासिक अभियान है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, तभी हरित, स्वच्छ और स्वस्थ उत्तर प्रदेश का सपना साकार होगा।उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती का आभूषण हैं तथा जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम व्यापक वृक्षारोपण है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत जनपद में मिशन छाया, वंदे मातरम् वाटिका, महर्षि चरक औषधि वन, समृद्धि वन, समरस वन, कपि वन, पौराणिक वन, अविरल धारा वृक्षारोपण, एक्सप्रेस-वे वृक्षारोपण, सहजन भंडारा, ‘आम बहार आपके द्वार’ आम भंडारा, ग्रीन चौपाल, भाई-बहन (रक्षाबंधन) वाटिका तथा एक पेड़ गुरु के नाम जैसी थीम आधारित हरित पहलें विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।जनपद में वर्ष 2026 के लिए निर्धारित लक्ष्य के अंतर्गत 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को 9 लाख तथा 12 जुलाई को 56 लाख पौधरोपण कर कुल 65 लाख पौधों का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी जी एस नवीन कुमार (सदस्य राजस्व परिषद) जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, जनप्रतिनिधिगण,छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







