उरई में मुख्यमंत्री के आने के बाद भी उपेक्षा का शिकार रहा जालौन नगर,,लोगो ने कहा,विकास की योजनाओं से वंचित रह नगर

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद मुख्यालय उरई में आयोजित जनसभा के दौरान 1275 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जिले को विकास की नई सौगात दी। इन परियोजनाओं से जिले के कई क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है, लेकिन जालौन नगर के लोगों में इस बात को लेकर मायूसी रही कि नगर के हिस्से में कोई नई विकास योजना नहीं आई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद नगर में पूरे दिन इसी बात की चर्चा होती रही कि एक बार फिर जालौन नगर विकास की बड़ी योजनाओं से वंचित रह गया।
नगरवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले लोगों को उम्मीद थी कि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई बड़ी घोषणा होगी। लेकिन कार्यक्रम में नगर से संबंधित किसी नई योजना की घोषणा नहीं होने से लोगों की उम्मीदें टूट गईं। लोगों का कहना है कि जिस जनपद की पहचान पूरे प्रदेश में ‘जालौन’ के नाम से है, उसी नगर को विकास योजनाओं में अपेक्षित महत्व नहीं मिल पा रहा है। जिला मुख्यालय भले ही उरई में हो, लेकिन जिले का नाम और ऐतिहासिक पहचान जालौन नगर से जुड़ी है। इसके बावजूद नगर की आधारभूत समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं। नगर के प्रमुख चुर्खी रोड की जर्जर स्थिति लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वहीं मुख्यमंत्री के पहले कार्यकाल में शिलान्यास किया गया रोडवेज बस स्टेशन भी लगभग तैयार होने के बावजूद अब तक लोकार्पण की प्रतीक्षा कर रहा है। नगरवासियों का कहना है कि सरकार जिले के अन्य क्षेत्रों की तरह जालौन नगर के विकास पर भी विशेष ध्यान दे। उनका मानना है कि नगर की सड़क, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान होने से न केवल नगरवासियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद लोगों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में सरकार जालौन नगर की उपेक्षा दूर करते हुए यहां की लंबित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता देगी, ताकि जिले के नाम वाले इस ऐतिहासिक नगर को भी उसकी पहचान के अनुरूप विकास की सौगात मिल सके। लोगों का कहना है कि जनप्रतिधि जालौन नगर को लेकर सिर्फ वादे ही करते रहते हैं मगर हकीकत में यह वादे कोरे वादे होकर रह जाते हैं और वर्षों से जालौन नगर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते बदहाली के आंसू बहा रहा है।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। विज्ञापन,खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105