जालौन डीएम-एसपी ने किया पंचनद क्षेत्र का निरीक्षण, नदियों के जलस्तर की ली जानकारी

संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन तैयार, ग्रामीणों से मुलाकात कर जानी समस्याएं

Orai / Jalaun news today । जालौन जनपद के रामपुरा क्षेत्र में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रामपुरा क्षेत्र के नदियों के तटवर्ती इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पंचनद क्षेत्र पहुंचकर यमुना, चंबल, सिंध, क्वारी और पहुज नदियों के वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली तथा नदी किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से नदियों के जलस्तर, तटवर्ती गांवों की स्थिति तथा बाढ़ की संभावनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उनकी स्थानीय समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है और नदियों का जलस्तर सामान्य बना हुआ है। इसके बावजूद प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी नदी क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बाढ़ जैसे हालात नहीं हैं, इसलिए ग्रामीणों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन और पुलिस विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के निरीक्षण से तटवर्ती ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने अथवा किसी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।