जालौन कोतवाली पुलिस टीम ने इस स्कूल में चलाया साइबर जागरूकता अभियान,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को थाना कोतवाली पुलिस की टीम द्वारा स्वामी विवेकानंद इण्टर कॉलेज में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को तेजी से बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों से सतर्क करना रहा।
साइबर सेल के आरक्षी सत्येन्द्र कुमार मय टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड की महिला उप निरीक्षक मधु देवी तथा प्रभारी उप निरीक्षक अजीत शर्मा, संजय गोस्वामी की टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के नए तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस टीम ने बताया कि आजकल ठग फर्जी लोन ऐप, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज, ऑनलाइन गेमिंग और अनजान लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं।टीम ने बच्चों को बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक अकाउंट नंबर, एटीएम पिन व पासवर्ड शेयर न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी फोटो व जानकारी सार्वजनिक न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराएं नहीं, तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पहले 1 से 2 घंटे में शिकायत करने पर पैसे वापस मिलने की संभावना सबसे अधिक रहती है।इस दौरान शिक्षकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को साइबर जागरूक नागरिक बनने और अपने परिवार व मोहल्ले के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।इस मौके पर प्रधानाचार्य गुरु प्रसाद दीक्षित, माधव व्यास, राज नारायण आदि लोग मौजूद रहे।