रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी बाजार में 31 अगस्त को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना के बाद स्थानीय पुलिस भी सतर्क हो गई है। कोतवाली पुलिस ने नगर में स्थित आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
बुधवार को प्रभारी कोतवाल लालबाबू मिश्रा ने नगर में संचालित आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। नगर में स्थित 11 आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, उनकी वैधता, निर्धारित भंडारण क्षमता और आग से बचाव के इंतजामों की जांच की गई। प्रभारी कोतवाल ने आतिशबाजी की दुकानों पर रखे अग्निशमन सिलिंडर, बालू और पानी की टंकी समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम देखे। दुकानदारों से लाइसेंस और आतिशबाजी के भंडारण से संबंधित जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में न करें और निर्धारित क्षमता से अधिक आतिशबाजी का भंडारण न किया जाए। कहा कि दुकानों पर रखे फायर सिलिंडरों की समय-समय पर जांच कराते रहें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वह सही स्थिति में काम कर सकें। दुकान के आसपास ज्वलनशील वस्तुओं को न रखा जाए और आग से बचाव के लिए बालू व पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही दुकानदारों को दुकान के भीतर या आसपास धूम्रपान न करने और किसी अन्य व्यक्ति को भी धूम्रपान न करने देने की हिदायत दी गई। साथ ही आतिशबाजी के काम में किशोरों और बच्चों को न लगाया जाए। साथ ही बच्चों और किशोरों को आतिशबाजी की बिक्री भी न की जाए। दुकान बंद करते समय बिजली के सभी उपकरण बंद कर स्विच ऑफ करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी तरह की विद्युत चिंगारी से हादसा न हो।





