(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today ।जालौन नगर कोतवाली क्षेत्र में चल रहे हार-जीत के खेल को बंद कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसके बाद भी लगातार हारजीत का खेल चल रहा है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ा है। जिनके पास से पुलिस ने 14 हजार 460 रुपये बरामद किए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमरा में गांव के बाहर खेत पर लगे ट्यूबवेल के पास हार-जीत का खेल चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर एसआई गोविंद सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से हार-जीत की बाजी लगा रहे अनिल कुमार बाबई, शिवसिंह पनहरा, बबलू उर्फ अजय काशीखेड़ा, कप्तान पनहरा, मदन, श्रवण व अतर निवासीगण कुसमरा को पकड़ लिया। पुलिस को मौके से फड़ पर 11 हजार 860 रुपये व जामा तलाशी में 2600 रुपये के साथ ताश की गड्डी बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सड़क निर्माण गुणवत्तापूर्ण न होने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
जालौन। काशीपुरा से हरदोई राजा के बीच सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण न होने से ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जाने की मांग की है।
काशीपुरा से हरदोई राजा तक लगभग तीन किमी सड़क उखड़ चुकी थी। जिसको बनवाए जाने की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। ग्रामीणों की शिकायतों का संज्ञान लेकर उक्त सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। सड़क निर्माण के दौरान ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है। ग्रामीण गजेन्द्र सिंह कुठौंद बुजुर्ग, युवराज सेंगर, ब्लू यादव आदि ने बताया कि उक्त सड़क काफी समय से खराब थी। विशेष मरम्मत कार्य के अंतर्गत उक्त सड़क का निर्माण शुरू हुआ है। लेकिन उक्त सड़क के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। सड़क निर्माण से पूर्व पुरानी जीर्ण शीर्ण सड़क को नहीं उखाड़ा गया है। बेड की सफाई का भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सीसी और डामर का अनुपात भी सहीं नहीं है। जिसके चलते काशीपुरा की ओर से पूर्व में जो सड़क बन चुकी है वह उखड़ने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का वैसे भी कम ध्यान दिया जाता है। यदि सड़क का निर्माण हो रहा है तो अच्छा हो अन्यथा कुछ ही दिनों में सड़क पुनः पुराने स्वरूप में आ जाएगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण की जांच कराकर मानक के अनुरूप सड़क डलवाने की मांग की है।





