
ब्यूरो रिपोर्ट
Orai Jalaun news today । जनपद जालौन पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद विभिन्न थानों में दर्ज 09 अभियोगों में बरामद 31.231 किलोग्राम मादक पदार्थ का राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई स्थित इन्सिनेरेटर (भट्टी) में विनष्टीकरण कराया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 60 हजार 550 रुपए बताई गई है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ राजीव कृष्ण के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में तथा अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में की गई। जनपद स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर उरई राजीव कुमार शर्मा एवं डीसीआरबी प्रभारी राजेश पाल सिंह जादौन की मौजूदगी में विभिन्न थानों के अभियोगों में बरामद मादक पदार्थों को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के इन्सिनेरेटर में विनष्ट किया गया। विनष्टीकरण किए गए मादक पदार्थों में 27.39 किलोग्राम गांजा और 245 ग्राम चरस शामिल है। 1 मार्च 2026 से 31 अगस्त 2026 तक चलाए गए ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत जनपद में लगातार मादक पदार्थों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। इससे पहले 16 अप्रैल को 681.15108 किलोग्राम, 21 मई को 843.59562 किलोग्राम तथा 30 जून को 102.049 किलोग्राम मादक पदार्थ का विनष्टीकरण कराया जा चुका है। 31अगस्त की कार्रवाई को मिलाकर अब तक जनपद जालौन में कुल 1658.0257 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किया जा चुका है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 89 लाख 69 हजार 430 रुपए बताई गई है। जालौन पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ विभिन्न मामलों में बरामद नशीले पदार्थों के सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।




