रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक राहत और आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगर निवासी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा लागू किए जाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने कहा कि प्रदेश की बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिदिन शिक्षा, रोजगार, उपचार, सरकारी कार्य, स्वरोजगार और पारिवारिक आवश्यकताओं के लिए रोडवेज बसों से यात्रा करती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं के लिए यात्रा का खर्च अतिरिक्त बोझ बन जाता है। यदि महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तो उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी मिलेगा। महिलाओं की सुरक्षित और सुलभ आवाजाही बढ़ने से उनकी शिक्षा, रोजगार और स्वावलंबन को भी नई गति मिलेगी। साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने जनहित और महिला कल्याण को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा लागू करने की मांग की है।





