जालौन क्षेत्र के इन गांवों में खुलेगी लाइब्रेरी,,ADO पंचायत ने दी जानकारी

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए गांव से बाहर जाने की जरूरत न पड़े और उन्हें गांव में ही अच्छी पुस्तकें व उच्च स्तरीय साहित्य उपलब्ध हो सके, इसके लिए ब्लॉक क्षेत्र के 10 गांवों में लाइब्रेरी खोली जाएंगी। इन लाइब्रेरी में बच्चों को पाठ्यक्रम से इतर ज्ञानवर्धक और साहित्यिक पुस्तकें पढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके लिए संबंधित गांवों का चयन कर लिया गया है। लाइब्रेरी शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और शीघ्र ही इनका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बच्चों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सामान्य ज्ञान बढ़ाने और साहित्यिक पुस्तकें पढ़ने के लिए कस्बे या शहर का रुख करना पड़ता है। गांव में लाइब्रेरी शुरू होने से उन्हें अपने ही गांव में पढ़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से ऐसे विद्यार्थी, जो आर्थिक कारणों से महंगी पुस्तकें नहीं खरीद पाते हैं, उनके लिए सामूहिक पुस्तकालय उपयोगी साबित होंगे। इससे विद्यार्थियों में नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित होने के साथ ही उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी। गांव में ही अध्ययन का स्थान मिलने से बच्चों को शांत वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर भी मिलेगा। 10 गांवों में लाइब्रेरी शुरू होने के बाद इसका लाभ आसपास के ग्रामीणों को भी मिल सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में किताबों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। एडीओ पंचायत महेंद्र कुमार ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सुढ़ार, नगरी, गधेला, मोहनपुर कुदारी, जगनेवा, मलकपुरा, सिहारी पड़ैया, कैंथ, गायर और मांडरी में लाइब्रेरी खोला जाना प्रस्तावित है। इन सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के भीतर लाइब्रेरी के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। अब यहां आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने की प्रक्रिया की जा रही है।