
UP news today । महोबा जनपद के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने आज उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र एवं जनपद महोबा से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनहित के विषयों से अवगत कराया।
विधायक ने महोबा में अतिवृष्टि से फसल नुकसान झेल रहे किसानों की स्थिति तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सर्वे के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की प्राप्त शिकायतों से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा प्रभावित किसानों का शत-प्रतिशत बीमा भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
इसके साथ ही विधायक निधि में आपातकालीन परिस्थितियों, दैवीय आपदा एवं निराश्रित जरूरतमंद व्यक्तियों को तत्काल आर्थिक सहायता देने का विशेष प्रावधान किए जाने की मांग रखी, ताकि आवश्यक मामलों में विधायक की संस्तुति पर सक्षम अधिकारी के माध्यम से 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
विधायक श्री राजपूत ने कहा कि किसानों के अधिकार और जरूरतमंदों को समय पर सहायता दिलाना उनकी प्राथमिकता है।




