रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव और गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शाम होते ही मच्छरों की संख्या बढ़ने से ग्रामीणों को घरों के अंदर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने एसडीएम से गांवों में फॉगिंग कराने के साथ ही मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
ग्रामीण क्षेत्र के गिधौसा, उदोतपुरा, खनुआं, कैंथ, जगनेवा, हरीपुरा, रूरा मल्लू, प्रतापपुरा, महिया, सारंगपुर आदि गांवों में बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप अधिक बढ़ गया है। ग्रामीण दीपक तिवारी, राहुल राजावत, सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, लालजी, बृजेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, दीपू तिवारी आदि का कहना है कि बारिश के पानी के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा नालियों और खाली स्थानों में पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल स्थिति बन गई है। दिन ढलने के बाद मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ जाता है कि लोगों को घरों में बैठना तक मुश्किल हो रहा है। शाम होते ही घरों और आसपास के स्थानों पर मच्छरों का झुंड दिखाई देने लगता है। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति को देखते हुए बारिश के बाद गांवों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर पानी जमा है और मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे स्थानों पर दवा का छिड़काव कराने के साथ ही गांव की गलियों और जलभराव वाले स्थानों पर फॉगिंग कराई जाए तो मच्छरों के प्रकोप से काफी हद तक राहत मिल सकती है।





