रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में आगामी चेहल्लुम के पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन एसडीएम राकेश सोनी की अध्यक्षता और सीओ अजय कुमार सिंह की उपस्थिति में किया गया।
शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि नगर की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए रही है। सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि चेहल्लुम के दौरान निकलने वाले जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे समय रहते प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए ताकि उसका समाधान कराया जा सके। सीओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जुलूस मार्ग पर साफ सफाई व्यवस्था की मांग की गई। इसके साथ ही बताया गया कि जुलूस के दौरान पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है जिससे दिक्क्त होती है। ऐसे में गर्मी के मौसम को देखते हुए जुलूस के दौरान जुलूस मार्ग की बिजली सप्लाई बंद करने एवं जुलूस के निकलने के बाद सप्लाई शुरू कराने की भी मांग की गई। इस मौके पर कोतवाल हरिशंकर चंद, बीडीओ प्रशांत दुबे, शमसाद खां, इमरान अहमद, जाकिर सिद्दीकी, इकबाल मंसूरी, नईम खान, हाफिज रफीक कुरैशी, सुहेल सिद्दीकी आदि रहे।





