जालौन में घरेलू गैस के नए कनेक्शन न मिलने से परेशान हैं लोग,,भेजा शिकायती पत्र

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में घरेलू गैस के नए कनेक्शन नहीं मिलने से आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर नगर के लोगों ने संबंधित विभाग को शिकायती पत्र भेजकर नए कनेक्शन की व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है।
नगर निवासी अशफाक राईन, विनय, आशीष, रिंकू गुप्ता, केपी पाल आदि ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि वर्तमान में गैस एजेंसियों द्वारा नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसके चलते आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से ऐसे परिवार, जिनमें हाल ही में विवाह हुए हैं अथवा नए परिवार हैं, उन्हें रसोई गैस कनेक्शन न मिलने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। अनेक पात्र उपभोक्ता लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें नया कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि घरेलू गैस आज प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। नए कनेक्शन नहीं मिलने के कारण लोगों को लकड़ी, कोयला और अन्य पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और धन की बर्बादी होने के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नए घरेलू गैस कनेक्शन शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।