रिपोर्ट बबलू सेंगर


Jalaun news today । बारिश के मौसम से पहले नगर के मोहल्ला शाहगंज में कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग मोहल्ले के लोगों ने एसडीएम से की है। लोगों का कहना है कि बरसात में इस मार्ग पर कीचड़ और जलभराव के कारण हालात बदतर हो जाते हैं, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है।
नगर के मोहल्ला शाहगंज में मौलाना खालिद रहमानी के मकान से होकर लगभग 150 मीटर लंबा और करीब 25 फीट चौड़ा कच्चा मार्ग बना हुआ है, जो आगे जाकर औरैया रोड से जुड़ता है। मोहल्ले के अधिकांश लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान यहां जलभराव और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले के खालिद रहमानी, सलमान, रजा, सादिक, इसराइल आदि ने बताया कि बस्ती के अधिकतर अंदरूनी रास्ते करीब 10 फीट चौड़े हैं, जहां बड़े वाहनों का प्रवेश मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि यह मुख्य मार्ग पक्का बन जाता है तो पूरे मोहल्ले का जुड़ाव चौड़े रास्ते से हो जाएगा। इससे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य बड़े वाहन भी आसानी से बस्ती तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इस रास्ते को बारिश से पूर्व पक्का करा दिया जाए ताकि मोहल्ले के लोगों को बारिश के मौसम में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।





