रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते नगर की बिजली व्यवस्था लोगों को परेशान कर रही है। दिन में तेज धूप के चलते जहां लोग राहत के लिए बिजली पर निर्भर हैं, वहीं रात के समय लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों की नींद तक छीन ली है। मंगलवार की रात नगर के कई मोहल्लों में लोग रात करीब दो बजे तक बिजली की आंखमिचौली और कम वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे।
एक ओर शासन की ओर से लगातार हीट वेब का अलर्ट जारी हो रहा है। तो दूसरी ओर नगर के अलग अलग मोहल्लों में पांच से दस मिनट के अंतराल में बिजली का बार-बार आना-जाना जारी रहा। इससे लोगों को न केवल गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी, बल्कि बिजली उपकरणों के खराब होने का डर भी बना रहा। कई घरों में पंखे और कूलर लो वोल्टेज के कारण ठीक से नहीं चल सके, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं पूरी रात गर्मी से बेहाल रहे। लोगों का कहना है कि रात के समय बिजली की आवाजाही सबसे अधिक परेशानी का कारण बन रही है। जैसे ही लोग सोने का प्रयास करते हैं, बिजली चली जाती है और कुछ देर बाद फिर आ जाती है। बार-बार ट्रिपिंग होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल, खटीकान, मुरलीमनोहर, तकिया रोड, गणेशजी आदि मोहल्ले के लोगों ने बताया कि रात में लो वोल्टेज के चलते पंखे, कूलर केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। कई घरों में मोटर तक नहीं चल सकी, जिससे पानी भरने में भी दिक्कत हुई। लोगों ने कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। हालांकि बिजली विभाग द्वारा मेंटीनेंस के दावे किए जाते हैं लेकिन जब गर्मी पड़ती है तो दावे हवा हवाई साबित होते हैं। नगर के लोगों ने बिजली व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की है। इस बाबत जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि रात में बिजलीघर में केबिल जलने से लो वोल्टेज की समस्या आई थी। जिसे ठीक कर लिया गया है। ट्रांसफॉर्मर पर मीटर लगाए जा रहे हैं। एक दो दिन में व्यवस्था दुरूस्त कर ली जाएगी।





