बिजली की परेशानी से जूझ रहे इस गांव के लोगों ने लगाई निगम अधिकारियों से गुहार,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । विकासखंड जालौन के ग्राम सालाबाद में बिजली व्यवस्था से ग्रामीण परेशान हैं। गांव में ओवरलोड ट्रांसफार्मर, जर्जर बिजली लाइन से आए दिन बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
ग्राम सुढ़ार सालाबाद निवासी कढ़ोरे कुशवाहा, महेंद्र पटेल, मनोहर कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, वकील पटेल और गुड्डन पालीवाल आदि ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था लगातार खराब बनी हुई है। दिनभर में कई बार लाइन में फॉल्ट हो जाता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। कभी तार टूट जाते हैं तो कभी ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाती है, जिसके कारण लोगों को घंटों बिजली का इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीच में रखा ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहा है। ट्रांसफार्मर में कई बार स्पार्किंग भी होती है, जिससे आसपास के लोगों में डर बना रहता है। वहीं, हाईटेंशन लाइन का एक खंभा पेड़ के सहारे टिका हुआ है। बरसात और तेज हवा के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।