
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर के ऐतिहासिक रामलीला भवन में 178वें श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ सोमवार की देर शाम वेदमंत्रोच्चारण और गणेश पूजन के साथ हुआ।
इस बार में नगर में रामलीला का 178वां मंचन है। सोमवार की शाम रामलीला भवन पर गणेश पूजन का आयोजन किया गया। गणेश पूजन कार्यक्रम आचार्य महेश अवस्थी द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि समिति अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने भगवान गणेश की स्थापना कर पूजा-अर्चना की और रामलीला के सफल मंचन के लिए रामभक्त हनुमान से आशीर्वाद की प्रार्थना की। समिति के मंत्री पवन चतुर्वेदी ने बताया कि गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ हो गया है। सात अक्टूबर को रामजन्म की लीला का मंचन होगा। 10 अक्टूबर को धनुष यज्ञ की लीला आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें परशुराम-लक्ष्मण संवाद विशेष रूप से मंचित किया जाएगा। 11 अक्टूबर को दिन में राम कलेवा का आयोजन रामलीला भवन में होगा। 13 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से नगर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर तालाब पर श्रीराम-केवट संवाद और श्रीराम-भरत मिलाप की लीला का मंचन होगा। 16 अक्टूबर को सीता की खोज और लंका दहन की लीला का मंचन होगा। 18 अक्टूबर को लक्ष्मण शक्ति और कालनेमि की माया का मंचन होगा। वहीं 20े अक्टूबर को शाम पांच बजे से दशहरा मेला और रावण वध की भव्य लीला श्रीबाराहीं देवी मेला ग्राउंड पर आयोजित होगा।




