माध्यमिक शिक्षा विभाग में 897 सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी तथा बेसिक शिक्षा विभाग में 11,508 सहायक अध्यापक शहरी के पदों पर भर्ती
प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 पदों के लिए भी विज्ञापन जारी

UP news today । उत्तर प्रदेश में युवाओं को शिक्षक भर्ती के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती से संबंधित दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इन विज्ञापनों के माध्यम से कुल 15,012 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों) के 897 रिक्त पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत सहायक अध्यापक, शहरी (URBAN) के 11,508 रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद ही संबंधित पदों के लिए आवेदन करना होगा।
विज्ञापन संख्या-05/2026 के अन्तर्गत सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी तथा सहायक अध्यापक, शहरी के पदों के लिए विज्ञापन 15 सितम्बर, 2026 को जारी किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया 16 सितम्बर, 2026 से प्रारम्भ होगी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर, 2026 होगी। इन पदों के लिए परीक्षा 03 एवं 04 दिसम्बर, 2026 को है।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग (PGT) के 2,607 रिक्त पदों के लिए भी विज्ञापन संख्या-06/2026 जारी किया गया है। इस भर्ती के लिए विज्ञापन 15 सितम्बर, 2026 को प्रकाशित किया गया है तथा ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया 18 सितम्बर, 2026 से प्रारम्भ होगी। पीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर, 2026 तथा ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है। प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 एवं 16 दिसम्बर, 2026 को है।
डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि आवेदन करने से पूर्व आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करें। आयोग द्वारा विज्ञापित पदों की अर्हता एवं पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं अन्य आवश्यक निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in का अवलोकन करने की सलाह दी है।






