दुःखद खबर : जालौन नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन के पुत्र का दुर्घटना में निधन,,,

Jalaun news today । जालौन नगर से एक बहुत ही दुःखद खबर प्रकाश में आई है। शनिवार की रात सड़क दुर्घटना में पूर्व नगर पालिका चेयरमैन गिरीश कुमार गुप्ता के ज्येष्ठ पुत्र की मृत्यु हो गई। मौत की खबर सुनकर उनके घर लोगों का तांता लगा रहा। रविवार को उनकी अंत्येष्टि में सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार जालौन नगर के पूर्व नगर पालिका चेयरमैन गिरीश कुमार गुप्ता के ज्येष्ठ पुत्र प्रांजल उर्फ आशीष गुप्ता उम्र 39 वर्ष शनिवार की शाम वह अपने साथी अविनाश सेंगर, विवेक कंचन व दहगुवां प्रधन संजय गुर्जर के साथ दतिया में मां पीतांबरा पीठ के दर्शन के लिए कार से गए थे। रात करीब 10 बजे वह चारों लोग वापस लौट रहे थे। वापसी में जब उनकी कार मोंठ से निकलकर कुछ आगे पहुंची तभी उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया। टायर पंक्चर होने पर संजय कार का टायर बदलने लगे और आशीष टार्च दिखाने लगे। बाकी दोनों लोग वहीं पास में खड़े हो गए। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक वहां से निकला और आशीष को रौंदता हुआ चला गया। संजय को भी चोटें आईं। हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संजय घायल हो गए। साथियों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। हादसे के बाद उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस व पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया जबकि संजय को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया।

हादसे की खबर सुनकर पिता गिरीश कुमार गुप्ता, मां मंजू गुप्ता व पत्नी दीपिका का रो रोकर बुरा हाल था। रविवार की दोपहर जब उनका शव घर पर पहुंचा तो कोहराम मच गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, डॉ. अंकुर शुक्ल, डॉ. ब्रजेंद्र दुबे, डॉ. सुरेश साहनी, डॉ. वेद प्रकाश शर्मा, अधिवक्ता उमेश दीक्षित, लक्ष्मीकांत शाक्य, विनय माहेश्वरी, राजीव मिश्रा, अभय मिश्रा, राजीव माहेश्वरी समेत सैंकड़ों की संख्या में नगरवासी उनकी अंत्येष्टि में शामिल हुए।

Leave a Comment