पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन में संविधान दिवस पर भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के बैनर तले डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज में संविधान बचाओ सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड रामबाबू दोहरे ने की।
सेमिनार को संबोधित करते हुए वामपंथी नेता कामरेड रामकृष्ण शुक्ला ने देश की मौजूदा परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अथक परिश्रम से देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें आम नागरिकों को मतदान का अधिकार देने के साथ ही मजदूरों और किसानों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए। संविधान ने नागरिकों को शिक्षा, विचारों की अभिव्यक्ति और बोलने की स्वतंत्रता जैसे मौलिक अधिकार भी प्रदान किए हैं। सीपीएम नेता कामरेड रामऔतार दोहरे ने कहा कि वर्तमान में केंद्र की भाजपा सरकार कानूनों में संशोधन कर मजदूरों के अधिकारों और हितों पर लगातार हमला कर रही है। चार श्रम संहिताएं लागू की जा रही हैं, जिससे मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। नवउदारीकरण के नाम पर जनकल्याणकारी विभागों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने आम मजदूरों और जनता से सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने और एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर देश में फासीवादी व्यवस्था लागू करना चाहती है। पूर्व आईपीएस अधिकारी शंभूदयाल ने कहा कि संविधान की मूल प्रस्तावना को जन-जन तक पहुंचाना ही संविधान दिवस पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ छेड़छाड़ करती है तो आम नागरिकों को सर्वोच्च न्यायालय जाने का अधिकार है। संचालन कमलाकांत वर्मा ने किया। इस मौके पर कामरेड रमेश शर्मा, महेंद्र प्रताप सिंह, प्रद्युम्न दीक्षित, आशाराम, फूल सिंह, आकिल, अरविंद कुमार, रामकुमार, रामगोपाल आदि रहे।







