Jalaun news today । वरिष्ठ नागरिकों को भारतीय रेल में पहले की तरह किराए में रियायत (छूट) की सुविधा पुनः शुरू किए जाने की मांग को लेकर नगरवासियों ने रेल मंत्री को पत्र भेजा है।
नगर निवासी अशफाक राईन, विनय निगम, जावेद, मोहम्मद अनस, आशीष सोनी आदि ने रेल मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारतीय रेल ने वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली किराया रियायत को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। वर्तमान में देशभर में रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो चुकी हैं, लेकिन अब तक यह सुविधा बहाल नहीं की गई है। इससें वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि अधिकांश वरिष्ठ नागरिक सीमित आय, पेंशन अथवा परिवार के सहयोग पर निर्भर रहते हैं। उन्हें उपचार, जांच, ऑपरेशन, धार्मिक यात्राओं तथा अपने बच्चों और परिजनों से मिलने के लिए लंबी दूरी की रेल यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में पूरा रेल किराया देना उनके लिए बोझ साबित होता है। उन्होंने रेल मंत्री से मांग करते हुए कहा कि मानवीय संवेदनाओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल में वरिष्ठ नागरिकों को पूर्व की भांति रेलवे किराए में रियायत की सुविधा दोबारा लागू की जाए। इससे बुजुर्गों को आर्थिक राहत मिलेगी और सम्मानजनक यात्रा की सुविधा भी प्राप्त होगी।





