जालौन के इस कॉलेज में साइबर क्राइम के प्रति छात्रों को किया गया जागरूक

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun News today ।जालौन के स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोतवाली से पहुंची मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और महिला सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सिपाही रेणुका सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या आधार से जुड़ी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अज्ञात मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। महिला सिपाही अंजली ने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने या निजी फोटो एवं वीडियो साझा करने से बचें। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरु प्रकाश दीक्षित, शिक्षक माधव, अनुरुद्ध कुमार, आशीष, सुनील, योगेंद्र, रूपेश, प्रियंका, शैलेंद्र सिंह आदि रहे।