संदिग्ध खसरा के मरीजों के सेम्पल लेने पहुँची टीम,लोगो ने किया इनकार, एसडीएम ने किया जागरूक तब माने लोग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर के मोहल्ला तोपखाना स्थित कंजर कॉलोनी में खसरा के संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को उनके परिजनों ने बच्चों के सैंपल देने से इंकार कर दिया। बाद में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही के हस्तक्षेप और जागरूकता के बाद परिजन सैंपल देने के लिए तैयार हुए, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर सैंपल एकत्र किए।
सीएचसी में तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने बताया कि बीती 25 मई को तोपखाना स्थित कंजर कॉलोनी निवासी कुछ लोग अपने बच्चों के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जांच के दौरान पांच किशोरों में खसरा जैसे लक्षण पाए गए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के सैंपल लेकर जांच कराने की तैयारी की। 30 मई को डब्ल्यूएचओ मॉनिटर मेडिकल ऑफिसर डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, लैब टेक्नीशियन राजनारायण वर्मा एवं विजय राव की टीम मरीजों के घर सैंपल लेने पहुंची। टीम ने परिजनों को जांच की आवश्यकता और बीमारी के संभावित खतरे के बारे में विस्तार से बताया, लेकिन इसके बावजूद परिवार के लोग बच्चों के सैंपल देने के लिए तैयार नहीं हुए। काफी प्रयासों के बाद भी सहमति न मिलने पर टीम को बिना सैंपल लिए वापस लौटना पड़ा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रकरण की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही को दी। शाम को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्वयं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कंजर कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने बस्ती के लोगों को एकत्रित कर खसरा जैसी संक्रामक बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों से स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने की अपील की। काफी देर तक समझाने-बुझाने और जागरूक करने के बाद परिजन सैंपल देने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर बच्चों और अन्य संदिग्ध मरीजों के सैंपल एकत्र किए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि संक्रामक बीमारियों की जांच और उपचार में सहयोग करें, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।