सोनम वांगचुक के समर्थन में आये जालौन के लोग,,दिया ज्ञापन की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे सोनम वांगचुक के नेतृत्व में आंदोलन को अब नगरवासियों का भी समर्थन मिल गया है। ‘जनता की आवाज’ संगठन के बैनर तले नगरवासियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सतेंद्र गुप्ता को सौंपकर आंदोलन की मांगों को अपना समर्थन दिया।
सोमवार को ‘जनता की आवाज’ संगठन के बैनर तले नगर के डॉ. रामकिशोर गुप्ता, दुर्गा प्रसाद, दयाराम वर्मा, रमेश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, मोहम्मद शाकिर रहमानी, अनीस कुरैशी आदि ने राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार सतेंद्र गुप्ता को सौंपकर बताया कि नगर की आम जनता जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन की मांगों के साथ खड़ी है। देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में निजी कंपनियों की दखल और शिक्षा के निजीकरण से छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। लगातार हो रहे पेपर लीक से मेहनती छात्रों की मेहनत बेकार जा रही है और युवाओं का सरकार की परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठ रहा है। शिक्षा को व्यापार बनाने की नीति से वंचित वर्ग शिक्षा से दूर हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें, क्योंकि उनके कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। परीक्षाओं में पेपर लीक की समस्या को पूरी तरह समाप्त किया जाए और निजी कंपनियों को परीक्षा संचालन का ठेका देने की प्रणाली को बंद किया जाए और शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाई जाए। ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों को भी सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।