जरा सी बारिश में तालाब बन जाती जालौन के इस मुहल्ले की सड़क,,लोगों ने की समाधान की मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में इस मोहल्ले से मुख्य सड़क पर सीसी रोड न होने से जलभराव हो जाता है। बारिश में गली में दो फीट तक पानी भर जाता है। जिसके चलते मोहल्ले के लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं।
नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल में फायर स्टेशन वाली मुख्य सड़क चुर्खी रोड को जोड़ती है। फायर स्टेशन से आगे धर्मेंद्र सिंह व दीपू सिंह के मकान तक लगभग 200 मीटर कच्चा रास्ता है। बारिश में यह रास्ता लगभग बंद सा ही हो जाता है। अधिक पानी बरसने पर इस रास्ते में लगभग दो फीट तक पानी भर जाता है। जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चे भी बाहर खेलने के लिए नहीं जा पाते हैं। इसके अलावा जहरीले कीड़ों का भी खतरा बना रहता है। बारिश के बाद भी मुश्किलें कम नहीं होती हैं। जब पानी उतर जाता है तो रास्ते में कीचड़ और मलबा ही नजर आता है। मोहल्ले के रवि, धर्मेंद्र, बुद्ध सिंह, सोबरन सिंह, पंकज, दीपू, प्रकाश बुधौलिया, रिंकू आदि ने बताया कि इस रास्ते को बनवाने के लिए वह कई बार मांग कर चुके हैं। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। हर बारिश में यही स्थिति रहती है। हर साल मोहल्ले के लोगों को बारिश के मौसम में परेशान होना पड़ता है। फिर भी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

शाहगंज मुहल्ले के लाग ने भी लगाई गुहार

जालौन। बारिश के मौसम में मोहल्ला शाहगंज में कच्ची सड़क से निकलना दूभर हो जाता है। लोगों का कहना है कि बरसात में इस मार्ग पर कीचड़ और जलभराव के कारण हालात बदतर हो जाते हैं, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है।
नगर के मोहल्ला शाहगंज में मौलाना खालिद रहमानी के मकान से होकर लगभग 150 मीटर लंबा और करीब 25 फीट चौड़ा कच्चा मार्ग बना हुआ है, जो आगे जाकर औरैया रोड से जुड़ता है। मोहल्ले के अधिकांश लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान यहां जलभराव और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले के खालिद रहमानी, सलमान, रजा, सादिक, इसराइल आदि ने बताया कि बस्ती के अधिकतर अंदरूनी रास्ते करीब 10 फीट चौड़े हैं, जहां बड़े वाहनों का प्रवेश मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि यह मुख्य मार्ग पक्का बन जाता है तो पूरे मोहल्ले का जुड़ाव चौड़े रास्ते से हो जाएगा। इससे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य बड़े वाहन भी आसानी से बस्ती तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पूर्व में नगर पालिका द्वारा इस मार्ग का निरीक्षण भी कर लिया गया है। जिसमें सडत्रक निर्माण की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बाद भी अब तक इस सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने इस रास्ते को पक्का कराने मांग डीएम से की है।