
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के मौजा मनकापुर जालौन बाहर हद में लगभग एक सप्ताह पूर्व एक साथ खेतों में लगी चार बोरिंग के तार और अन्य जरूरी उपकरण अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए। पीड़ित किसान ने चोरी की शिकायत एसपी से की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ओझा निवासी किसान हितेंद्र कुमार उर्फ संजू लिटौरिया ने एसपी विनय कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका खेत मौजा मनकापुर जालौन बाहर हद में स्थित है। उनके खेत में और आसपास खेतों में फसल की सिंचाई के लिए निजी बोरिंग लगवाई गई है। बोरिंग के लिए बिजली का कनेक्शन भी लिया गया है। बोरिंग का सामान और बिजली के तारों को सुरक्षित रखने के लिए खेतों में ही कोठी का निर्माण कराया गया है। आरोप लगाया कि बीती 29 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके खेत में स्थित और आसपास चार किसानों की कोठी का ताला तोड़कर उसमें रखे सिंचाई के सामान समेत बिजली के तार चोरी कर लिए हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने कोतवाली में भी की थी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित किसान ने एसपी से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रजवाहा की पटरी कटने से खेतों में जुताई नही कर पा रहे किसान,,एसडीएम से गुहार
जालौन। सालाबाद के पास सिकरी रजवहा की पटरी काटने से रजवहा का पानी खेतों में भर रहा है। किसान खेतों में जुताई नहीं कर पा रहे हैं। पीड़ित किसान ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर रजवाहा की काटी गई पटरी को ठीक कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सालाबाद निवासी किसान श्याम सिंह, दृगविजय सिंह आदि ने एसडीएम राकेश सोनी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके गांव के बाहर से होकर सिकरी रजवहा निकला है। किसान जरूरत होने पर रजवहा के पानी का उपयोग करते हैं। आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व सलाबाद के पास कुछ किसानों ने रजवहा की पटरी को काट दिया है। रजवहा की पटरी को काटने से अब रजवहा का पानी खेतों में भर रहा है। जिससे किसान खेतों में जुताई नहीं कर पा रहे हैं। आगे की फसल के लिए यही जुताई का समय है। खेतों में पानी भरे होने से जुताई का समय निकलता जा रहा है। खेतों से पानी निकलने के बाद सूखने के लिए भी कुछ समय चाहिए। ऐसे में यदि जल्द से जल्द पटरी को सही नहीं कराया गया तो किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि रजवहा की पटरी को जल्द से जल्द दुरूस्त कराया जाए ताकि किसान खेतों में जुताई आरंभ कर सकें।




