जालौन क्षेत्र के इस गांव में ग्रामीणों को सताने लगी जलभराव की चिंता,की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही ग्राम जगनेवा के ग्रामीणों को जलभराव की चिंता सताने लगी है। गांव में पानी की निकासी के लिए बना मुख्य नाला पिछले करीब तीन वर्षों से साफ नहीं कराया गया है। नाले में गाद और कूड़ा-कचरा जमा होने से पानी का बहाव प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने बीडीओ से बारिश के पूर्व नाले की सफाई कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम जगनेवा निवासी कासिम जाटव, सत्यम आजाद, आशुतोष गौतम, विनय गौतम आदि ने बताया कि गांव में बारिश का पानी निकालने के लिए नाला बनाया गया था, लेकिन उसकी करीब तीन साल से सफाई नहीं कराई गई है। नाले की सफाई न होने के कारण उसमें गंदगी, प्लास्टिक और मिट्टी जमा हो गई है। नाले के तल में सिल्ट भर जाने से उसकी जल निकासी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान नाला ओवरफ्लो होने लगता है, जिससे गांव की गलियों और निचले इलाकों में पानी भर जाता है। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और गंदा पानी घरों के आसपास जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि बारिश से पूर्व नाले की सफाई नहीं कराई गई तो इस बरसात में एक बार फिर ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से जूझना होगा। उन्होंने बीडीओ से मांग की है कि बारिश शुरू होने से पहले नाले की सफाई कराकर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को जलभराव और उससे होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।