जालौन में पारिवारिक विवाद में सामने आया ये हैरान करने वाला मामला,, फिर पुलिस की इंट्री, हुआ समाधान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर में पारिवारिक विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नाराज चाचा ने दूल्हे के घर का मुख्य दरवाजा वेल्डिंग कर सील करा दिया। यह घटना उस समय हुई जब दूल्हे की बारात झांसी गई थी और घर में ताला पड़ा हुआ था। जब दूल्हा शादी कर बारात के साथ दुल्हन को लेकर गुरुवार की सुबह घर लौटा तो दरवाजा वेल्डिंग से सील था। जिसके बाद पुलिस को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर निवासी मुहम्मद माजिद की बारात बुधवार की शाम झांसी गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद गुरुवार सुबह जब माजिद अपनी पत्नी नजमा और बारातियों के साथ घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा वेल्डिंग से बंद कर दिया गया था। यह देखकर सभी दंग रह गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों के आरोप लगाया कि माजिद ने अपनी शादी में अपने चाचा मुहम्मद अजहर को आमंत्रित नहीं किया था, जिससे नाराज होकर चाचा ने इस घटना को अंजाम दिया। जब दूल्हा बारात लेकर झांसी गया हुआ था और घर पर कोई मौजूद नहीं था, उसी दौरान चाचा ने घर के मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग करवा कर बंद करा दिया। घर लौटने पर दूल्हा-दुल्हन और परिजन दरवाजा बंद देख परेशान हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजे की वेल्डिंग कटवाई गई और ताला तोड़कर घर को खुलवाया गया, जिसके बाद दुल्हन नजमा का गृह प्रवेश कराया गया। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है।