रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन नगर के बंगरा मार्ग स्थित गल्ला मंडी समिति में इस बार धान खरीद की शुरुआत के साथ ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी है। क्षेत्र में धान की अच्छी पैदावार होने से बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में धान भरकर मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी परिसर के बाहर ट्रैक्टरों की लंबी कतार के चलते जाम की स्थिति बन रही है।
मंगलवार की सुबह से ही धान की बिक्री के लिए किसान नवीन गल्ला मंडी पहुंचने लगे थे। कुछ ही घंटों में मंडी परिसर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भर गया। ट्रैक्टरों की लाइन मंडी गेट से निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंच गई। मंडी के अंदर पहले से ही खड़े पुलिस और खनन विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए वाहन खड़े होने से जगह और भी सीमित बची है। जिसके चलते मंडी के अंदर ट्रैक्टरों की आवाजाही प्रभावित हो गई। मंडी के अंदर ट्रैक्टर पर लदे माल को आढत तक पहुंचाने में ही घंटों लग जाते हैं। जिसके चलते किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। किसान रवि कुमार, अतुल कुमार, विक्रम सिंह, आनंद आदि ने बताया कि मंडी में लगातार ट्रैक्टरों पर लदकर धान आ रहा है। धान की आवक से वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है। मंडी में पहले से ही खड़े वाहन और भी स्थिति को बिगाड़ रहे हैं। यदि अभी समस्या का हल नहीं हुआ आगे और भी मुश्किल हो सकती है। क्योंकि अभी तो बस शुरूआत है। आगे आवक और बढ़ेगी। उन्होंने मांग की है कि मंडी के अंदर खड़े हुए वाहनों को हटवाया जाए और जाम से बचने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं। मंडी सचिव अंकित कुमार ने बताया कि वाहनों को हटवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए व्यवस्था की जा रही है।
मंडी के अंदर पलटी ट्रैक्टर ट्राली।
जालौन। मंडी के अंदर धन से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। गनीमत रही कि ट्राली की चपेट में कोई नहीं आया। हालंाकि ट्राली में लदा धान सड़क पर बिखर गया।
मंगलवार की सुबह नवीन गल्ला मंडी में एक ट्रैक्टर ट्राली में धान लदकर आया था। मंडी के अंदर जब चालक ट्रैक्टर को बैक कर रहा था तभी अचानक से ट्राली असंतुलित हो गई और ट्राली सड़क किनारे पलट गई। हालांकि ट्रैक्टर चालक सुरक्षित बच गया। साथ ही मंडी में आसपास काम कर रहे पल्लेदार और किसान भी बच गए। जिससे बड़ा हादसा टल गया।






